Uttarakhand Rainfall: बारिश का ऑरेंज अलर्ट; सीएम ने दिए निर्देश, हेली सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखें


सीएम धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को दिए कि आपदा या आपात स्थिति में राहत, बचाव कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी व विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति को देखें। हेली सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर दुर्गम व आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव कार्य तत्काल संचालित किए जा सकें।

उन्होंने भारत मौसम विज्ञान विभाग के प्रदेश के अधिकांश जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने व सोमवार रात से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत विभिन्न जिलों की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों व प्रशासन की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिक बारिश व भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम व मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति देने का निर्देश दिया। आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक व मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी सचिव आपदा प्रबंधन से जानकारी प्राप्त करने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित व समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें: सुमन

मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने मंगलवार को सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।



Source link